भोपाल, 26 फरवरी 2026।
थाना कमला नगर परिसर में वर्षों से 25 पुलिस एक्ट के तहत जप्त एवं कंडम पड़े 80 वाहनों की नीलामी प्रक्रिया आज वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न कराई गई। नीलामी पुलिस उपायुक्त जोन-01, सहायक पुलिस आयुक्त टीटी नगर संभाग, थाना प्रभारी कमला नगर, थाना प्रभारी रातीबड़, थाना प्रभारी टीटी नगर तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित की गई।
नीलामी प्रक्रिया समिति सदस्यों की मौजूदगी में थाना परिसर में आयोजित हुई, जिसमें कुल 12 क्रेताओं ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को विधिवत बोली के लिए पर्ची क्रमांक 01 से 14 तक उपलब्ध कराई गई, जिनमें पर्ची क्रमांक 04 और 06 रिक्त रहीं।
जप्त वाहनों का भौतिक मूल्य 1 लाख 15 हजार 200 रुपये आंका गया था। प्रथम बोली 1 लाख 17 हजार रुपये से प्रारंभ हुई। बोली प्रक्रिया के दौरान विभिन्न क्रेताओं ने भाग लेते हुए प्रतिस्पर्धात्मक बोली लगाई। अंततः पर्ची क्रमांक 01 के क्रेता शाहीद पिता जहूर अहमद (उम्र 55 वर्ष), निवासी न्यू कबाड़खाना, हनुमानगंज, भोपाल ने 5 लाख 20 हजार रुपये की अंतिम एवं सर्वाधिक बोली लगाकर सभी 80 वाहनों को क्रय किया।
नीलामी में शामिल प्रत्येक क्रेता से 15,000 रुपये की अमानत राशि जमा कराई गई थी। अंतिम बोली पूर्ण होने के बाद अन्य क्रेताओं की अमानत राशि वापस कर दी गई। सफल क्रेता द्वारा शेष राशि जमा करने के उपरांत वाहनों को सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल वाहन थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़े हैं।
पूरी नीलामी प्रक्रिया की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई। प्राप्त राशि को पृथक रूप से राजस्व विभाग में जमा कराया जाएगा।
